लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन,
सत्यप्रकाश की रिपोर्ट
5वीं उसाकाई डिस्ट्रिक्ट कराटे चैंपियनशिप में लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, कई पदक किए अपने नाम
कासिमाबाद/वाराणसी। वाराणसी में आयोजित 5वीं उसाकाई डिस्ट्रिक्ट कराटे चैंपियनशिप-2026 (ओपन कुमिते कराटे चैंपियनशिप) में लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल, गेहुरी, कासिमाबाद (गाज़ीपुर) के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में वाराणसी सहित आसपास के कई जनपदों के विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जहां खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिले।
चैंपियनशिप में लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए कई पदक एवं प्रमाण-पत्र अपने नाम किए। विद्यालय की श्रेया कुमारी (कक्षा-7) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सार्थक कुमार (कक्षा-8), प्राणिका (कक्षा-4), समृद्धि सिंह (कक्षा-7) तथा प्रशांत यादव (कक्षा-4) ने तृतीय स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की इस सफलता पर विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल रहा। विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्य ने सभी विजेता छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों के कठिन परिश्रम, अनुशासन, नियमित अभ्यास एवं प्रशिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है।
विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भी विद्यालय के खिलाड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद और विद्यालय का नाम प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।

Comments