अरुणोदय पब्लिक स्कूल ने 121 विभूतियों को किया सम्मानित
जनकल्याण किसान एसोसिएशन के पदाधिकारी भी हुए सम्मानित
बाराबंकी।
जनकल्याण किसान एसोसिएशन द्वारा निरंतर चलाए जा रहे जीवन रक्षार्थ एक पौधरोपण अभियान के तहत सोमवार को विकासखंड बंकी क्षेत्र स्थित अरुणोदय पब्लिक स्कूल द्वारा पौधरोपण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। साथ ही साथ सरकार द्वारा चलाई जा रही मिशन शक्ति योजना के तहत विद्यालय प्रांगण में चौपाल लगाकर महिला थानाध्यक्ष श्रीमती आशा शुक्ला द्वारा महिलाओं को जागरूक करते हुए सभी हेल्पलाइन व सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में विस्तार पूर्वक बताया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजकीय बालिका इंटर कॉलेज देवा की प्रधानाचार्य डॉ सुविद्या वत्स ने सभी महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि बेटे और बेटियों में समानता रखते हुए उनको उच्च शिक्षा दिलाई जाए। प्रधानाचार्य ने सभी महिलाओं और पुरुषों को मिशन शक्ति अभियान को सफल बनाने हेतु संकल्प भी दिलाया। वहीं जनकल्याण किसान एसोसिएशन द्वारा चलाई जा रही एक पौधरोपण अभियान की भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि संगठन के चेयरमैन धर्म कुमार यादव वा सभी पदाधिकारियों का पर्यावरण संरक्षण के प्रति बढ़ता कदम समाज के लिए एक मिसाल बनता जा रहा है। कार्यक्रम को द पॉलीग्राफ के संपादक परवेज अहमद, शशि प्रभा पांडेय व जनकल्याण किसान एसोसिएशन के चेयरमैन धर्म कुमार यादव आदि ने भी संबोधित किया। संचालन विद्यालय की अध्यापिका शाजिया अल्वी ने किया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अभ्यागत के रुप में पधारी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या, अरुणोदय पब्लिक स्कूल के संस्थापक तथा जनकल्याण किसान एसोसिएशन के चेयरमैन द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं द्वारा नारी शक्ति विषय पर एक लघु नाटिका प्रस्तुत की गई। तदोपरांत विद्यालय के संस्थापक शैलजा सिंह एवं अरुण सिंह, निदेशक माधवाम सिंह एवं अर्चना सिंह, प्राचार्य बुशरा किदवई द्वारा पत्रकार, पुलिस टीम, जनकल्याण किसान एसोसिएशन के पदाधिकारीगण, ग्राम प्रधान, अध्यापक व अन्य सभी समाजसेवियों सहित 121 विभूतियों को फूल माला पहनाते हुए प्रतीक चिन्ह भेंट कर अरुणोदय महिला जागरूकता सेवा सम्मान से सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रांगण में नीम, सागौन, अमरूद , अनार आदि के करीब दो दर्जन से अधिक पौधे भी रोपित किए गए। पौधरोपण के उपरांत पौधों की देखभाल हेतु विद्यालय प्रबंध तंत्र से अपील भी की गई। अंत में कार्यक्रम के संयोजक एवं विद्यालय के मैनेजर विजय सिंह ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Comments