देवा मेला के सांस्कृतिक मंच पर नृत्यांजलि ग्रुप ने मचाया धमाल
देवा मेला के सांस्कृतिक मंच पर नृत्यांजलि ग्रुप ने मचाया धमाल
बाराबंकी। शुक्रवार को देवा मेला के सांस्कृतिक मंच पर नृत्यांजलि ग्रुप ने खूब धमाल मचाया। नृत्यांजलि ग्रुप की मनमोहक प्रस्तुति पर हजारों की संख्या में मौजूद दर्शक तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करते रहे। नृत्यांजलि ग्रुप की निदेशिका रागनी श्रीवास्तव अपनी भारतीय संस्कृति, शास्त्रीय एवं लोकनृत्य को बढ़ावा देने के लिए विशेष रूप से विगत कई वर्षों से कार्य कर रही है। ग्रुप के प्रशिक्षित कलाकारों के द्वारा उत्तर प्रदेश में आयोजित होने वाले कई महोत्सवों एवं सांस्कृतिक आयोजनों में प्रस्तुति दी जाती है। इसी क्रम में शुक्रवार को देवा मेला 2023 के प्रतिष्ठित मंच पर ग्रुप के कलाकारों द्वारा लोक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कलाकारों द्वारा सर्वप्रथम गणेश वंदना की प्रस्तुति दी गई। उसके बाद घूमर नृत्य, एवं अवधी गीतों पर लोक नृत्य रितिका मिश्रा, दीपा अवस्थी, श्वेता गुप्ता, प्रज्ञा अवस्थी और निखिल आदि द्वारा प्रस्तुति दी गयी। कार्यक्रम का समापन गरबा एवं डांडिया नृत्य से किया गया।
Comments