ग्रापए बैठक में संगठन मजबूती पर जोर, नारद जयंती मनाई गई

 ग्रापए बैठक में संगठन मजबूती पर जोर, नारद जयंती मनाई गई



गाजीपुर:

सत्यप्रकाश की रिपोर्ट 


ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश (ग्रापए) जनपद गाजीपुर की जिला कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को जिला कार्यालय पर प्रदेश संरक्षक के एन राय की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को मजबूत करने, विस्तार देने तथा पत्रकार हितों की रक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान आदि पत्रकार नारद जी की जयंती पर चर्चा करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया।

कार्यक्रम में नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार वर्मा ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का माला पहनाकर व मोमेंटो देकर स्वागत किया। इसके बाद प्रदेश संरक्षक के एन राय ने औपचारिक रूप से जितेन्द्र कुमार वर्मा को जिलाध्यक्ष घोषित किया।

बैठक को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष विन्देश्वरी सिंह ने कहा कि गाजीपुर इकाई की कार्यशैली प्रदेश में हमेशा अग्रणी रही है। यहां के पदाधिकारी एवं सदस्य अनुशासन और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने में लगे रहते हैं, जिसके चलते गाजीपुर इकाई को प्रदेश स्तर पर तीन बार सम्मानित किया जा चुका है।

प्रदेश संरक्षक के एन राय ने कहा कि वर्तमान समय में ग्रापए पत्रकारों का एक सशक्त और बड़ा संगठन बन चुका है, जो सात राज्यों में सक्रिय रहते हुए पत्रकारों के हितों के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने संगठन के संस्थापक स्व. बाबू बालेश्वर लाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने ग्रामीण पत्रकारों की समस्याओं को देखते हुए सीमित संसाधनों में भी पैदल व साइकिल से भ्रमण कर संगठन को खड़ा किया। आज उसी परिश्रम का परिणाम है कि संगठन मजबूत स्थिति में है।

नारद जयंती पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि नारद जी को आदि पत्रकार माना जाता है, जिन्होंने सत्य, संवाद और सूचना के आदान-प्रदान की परंपरा को स्थापित किया। उनका जीवन पत्रकारिता के मूल्यों सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता और समाजहित का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी पत्रकारों से इन आदर्शों का पालन करने का आह्वान किया।

बैठक में बताया गया कि प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ सिंह का आगमन प्रस्तावित था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से वे शामिल नहीं हो सके।

अंत में कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार वर्मा ने मुख्य अतिथि सहित सभी उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया और जनपद में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री रविन्द्र श्रीवास्तव ने किया।

इस अवसर पर कासिमाबाद तहसील अध्यक्ष राजेश कुशवाहा, चंद्रशेखर सिंह, राहुल सिंह, बृजेश प्रसाद, आनंद कुमार, राजेश चौरसिया, अकील अहमद, रमेश यादव, कृष्णानंद राय, सत्य प्रकाश, धर्मेंद्र कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Comments

Popular posts from this blog

लिटिल फ्लावर स्कूल में धूम धाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन

विंध्य टेलेलिन्क्स लिमिटेड तथा जल जीवन मिशन (ग्रामीण) के द्वारा दो किलोमीटर पैदल रैली निकाल यातायात के प्रति लोगों को किया जागरुक