अतिरिक्त कार्यभार के विरोध में लेखपालों का बड़ा कदम, जमा होने लगे अतिरिक्त चार्ज के बस्ते*
*अतिरिक्त कार्यभार के विरोध में लेखपालों का बड़ा कदम, जमा होने लगे अतिरिक्त चार्ज के बस्ते*
*सुल्तानपुर।*
खतौनी में अंश निर्धारण और फार्मर रजिस्ट्री जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के बढ़ते दबाव के बीच जिले के लेखपालों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। लगातार बढ़ रहे अतिरिक्त कार्यभार और अधिकारियों के कथित उत्पीड़न से नाराज लेखपालों ने अतिरिक्त चार्ज वाली ग्राम पंचायतों के बस्ते जमा करना शुरू कर दिया है। इस कदम से प्रशासनिक व्यवस्था में हलचल तेज हो गई है।
जयसिंहपुर तहसील स्थित लेखपाल संघ भवन में तहसील अध्यक्ष लाल बहादुर श्रीवास्तव की मौजूदगी में बड़ी संख्या में लेखपालों ने अतिरिक्त चार्ज के बस्ते जमा किए। लेखपालों का कहना है कि एक ओर शासन स्तर से समयबद्ध तरीके से फार्मर रजिस्ट्री और राजस्व संबंधी कार्य पूरे करने का दबाव है, वहीं दूसरी ओर कई ग्राम पंचायतों का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा जा रहा है, जिससे कर्मचारियों पर मानसिक और कार्यात्मक दबाव लगातार बढ़ रहा है।
लेखपाल संघ के पदाधिकारियों ने साफ कहा कि अब कोई भी लेखपाल अपने मूल हलके के अलावा दूसरे क्षेत्र का कार्य नहीं करेगा। उनका आरोप है कि सीमित संसाधनों और कम स्टाफ के बावजूद लगातार अतिरिक्त जिम्मेदारियां थोपी जा रही हैं, जिससे राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे हैं और कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
तहसील अध्यक्ष लाल बहादुर श्रीवास्तव ने कहा कि “जिस लेखपाल को जो हल्का आवंटित है, वही उसका कार्यक्षेत्र है। अतिरिक्त चार्ज का बोझ अब किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।” उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
इस दौरान उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, मंत्री विपिन यादव, सुप्रिया, दीक्षा, रितिका समेत बड़ी संख्या में लेखपाल मौजूद रहे। लेखपालों के इस फैसले से राजस्व और किसान संबंधित कार्यों के प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।

Comments