शहीद हरेंद्र यादव की दसवीं शहादत वर्षगांठ पर श्रद्धांजलि

 शहीद हरेंद्र यादव की दसवीं शहादत वर्षगांठ पर श्रद्धांजलि






सत्यप्रकाश की रिपोर्ट 




पूर्व मंत्री सैयदा शादाब फातिमा ने शहीद को नमन कर सैनिकों के सम्मान की बात कही




 कासिमाबाद (गाजीपुर): क्षेत्र के ग्राम गाई स्थित शहीदी पार्क देऊपुर में गुरुवार को उरी हमले में शहीद हुए हरेंद्र यादव की दसवीं शहादत वर्षगांठ मनाई गई। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सैयदा शादाब फातिमा सहित क्षेत्र के लोगों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान शहीद के बलिदान को याद करते हुए उनके परिजनों और गांव के लोगों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।




पूर्व मंत्री सैयदा शादाब फातिमा ने कहा कि देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों और शहीदों के कारण ही लोग अपने घरों में सुरक्षित होकर चैन की नींद सो पाते हैं। उन्होंने कहा कि देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सैनिकों का सम्मान समाज की जिम्मेदारी है।




उन्होंने कहा कि पहले शहीद सैनिकों का पार्थिव शरीर उनके घर तक पहुंचने की व्यवस्था नहीं थी। उनके अनुसार, तत्कालीन रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में शहीद सैनिकों के पार्थिव शरीर को सम्मान के साथ उनके घर भेजने की व्यवस्था शुरू हुई। उन्होंने अग्निवीर योजना को लेकर भी अपनी पार्टी की स्थिति बताते हुए कहा कि सत्ता में भागीदारी मिलने पर योजना में बदलाव कर पूर्णकालिक सैनिक भर्ती की व्यवस्था की जाएगी।




पूर्व मंत्री ने चीन सीमा से जुड़े मुद्दे पर भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अरुणाचल प्रदेश को लेकर सरकार को सीमा सुरक्षा और देश की संप्रभुता के मुद्दे पर गंभीरता से काम करना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम में भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय के सैनिकों से संबंधित कथित बयान का भी उल्लेख करते हुए इसकी आलोचना की।




सैयदा शादाब फातिमा ने कहा कि शहीद हरेंद्र यादव के गांव में पूर्व में उन्होंने गेट निर्माण और दो बीघा जमीन उपलब्ध कराने में सहयोग किया था। ग्रामीणों की ओर से अब शहीद की प्रतिमा स्थल पर बाउंड्रीवाल निर्माण की मांग रखी गई है। उन्होंने कहा कि इसके लिए वह अपने स्तर से प्रयास करेंगी।




कार्यक्रम के दौरान शहीद हरेंद्र यादव के बलिदान को याद करते हुए ग्रामीणों ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए सैनिकों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। शहीद की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों और क्षेत्र के लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।




इस मौके पर बृजभान सिंह बघेल, बड़े राय, रामदरस यादव, हीरामणि चौहान, रविंद्र यादव, नागेंद्र यादव, मनोज यादव, मिनहाज अंसारी, उपेंद्र यादव, गजेंद्र यादव, बीरबल चौहान, महेंद्र यादव, मुहम्मद अली खान, असलम हुसैन आदि मौजूद रहे।

Comments

Popular posts from this blog

लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन

विंध्य टेलेलिन्क्स लिमिटेड तथा जल जीवन मिशन (ग्रामीण) के द्वारा दो किलोमीटर पैदल रैली निकाल यातायात के प्रति लोगों को किया जागरुक